पुलिस भर्ती परीक्षा में चार पालियों में 22080 अभ्यर्थी होंगे शामिल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में 14 व 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती–2025 परीक्षा को सकुशल व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रातः 07 बजे ट्रेजरी पर उपस्थित रहेंगे तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, कागज के टुकड़े, प्लास्टिक पाउच, पर्स, स्मार्टबैंड, स्मार्टवॉच, सनग्लासेस तथा हैंडबैग ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्रों में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश वर्जित होगा तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के पास आईडी कार्ड अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की दुकानें बंद रहेंगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम स्थापित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों के बाहर क्लॉक रूम बनाए जाएंगे, जहां वे अपने सामान जमा कर सकेंगे। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में केवल नीला या काला पेन, प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र ही लेकर जा सकेंगे।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने केंद्रों के परीक्षा कक्षों और शौचालयों का पूर्व निरीक्षण कर लें। साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापक व सहायक केंद्र व्यवस्थापक से नो-रिलेशन सर्टिफिकेट प्राप्त किया जाए तथा ड्यूटी में लगाए गए शिक्षकों के मोबाइल नंबरों की सूची केंद्र व्यवस्थापक को उपलब्ध कराई जाए।
जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर एक पाली में 5520 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा कुल चार पालियों में आयोजित की जाएगी। जिसमे कुल 22080 अभ्यर्थी शामिल होना प्रस्तावित है|
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर क्लॉक रूम, पेयजल और शौचालय से संबंधित साइन एज लगाए जाएं तथा प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी अनिवार्य रूप से लगाई जाए। रोडवेज बस अड्डे पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी वाहन चालक ओवर रेटिंग न करे। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने निर्देश दिए कि 13 मार्च को परीक्षा का रिहर्सल कर लिया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनिंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।