डीएम नें व्लॉक कार्यालय का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन को जाना

0
311

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार को विकासखंड कायमगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकासखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई, जनसुनवाई व्यवस्था तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही आईजीआरएस में प्राप्त शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से बातचीत करने के निर्देश दिए। राज्य वित्त से कराए जा रहे कार्यों का समय से भुगतान करने और आरआरसी को सक्रिय रखने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विकासखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विकासखंड परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एसआईआर के कार्यों की भी समीक्षा की और एक मॉडल प्रधानमंत्री आवास का लोकार्पण किया।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर में स्थित प्रेरणा कैंटीन तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]