फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता ) थाना क्षेत्र के मोहल्ला बढ़ियन टोला में शनिवार को एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला बढ़ियन टोला निवासी 38 वर्षीय सत्यवीर यादव दिल्ली में एक नमकीन फैक्ट्री में कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार करीब पांच माह पूर्व उनके बड़े भाई सहवीर की वाराणसी में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। भाई की असमय मौत के बाद से सत्यवीर मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। शनिवार सुबह सत्यवीर शौच और नाश्ता करने के बाद अपने कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी समय तक बाहर न आने पर परिजनों को आशंका हुई। रोशनदान से झांककर देखा तो वह कमरे में फंदे से लटके मिले।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रोशनदान तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और दरवाजा खुलवाया। इसके बाद शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। सत्यवीर अविवाहित थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो सहायता लेना महत्वपूर्ण है। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या विश्वसनीय परिजन से संपर्क करें। मदद उपलब्ध है और समय पर सहयोग जीवन बचा सकता है।
युवक नें फांसी लगाकर की आत्महत्या



