फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लेते हुए अभिलेखों के रख-रखाव, कर वसूली, जन्म–मृत्यु पंजीकरण, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा स्वच्छता व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई कक्ष का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर वसूली की समीक्षा के दौरान डीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए और लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यालय अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, परिसर में साफ-सफाई बेहतर करने तथा निष्प्रयोज्य वाहनों का मूल्यांकन कर उनकी नीलामी प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही उन्होंने टाइड एवं अनटाइड ग्रांट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने तथा कार्यालय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। डीएम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचना अनिवार्य है।
निरीक्षण के समापन पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पालिका के निरीक्षण में डीएम नें कर बसूली बढ़ाने के निर्देश



