प्रधानों को पढाया सड़क सुरक्षा का पाठ, दिलाई गई शपथ

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क सुरक्षा माह के तहत ब्लॉक राजेपुर में ग्राम प्रधानों व पंचायत सचिवों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। जिलाधिकारी फर्रूखाबाद आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत तथा खंड विकास अधिकारी राजेपुर सुनील कुमार जायसवाल ने 58 ग्राम प्रधानों व पंचायत सचिवों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। शासन के निर्देशानुसार 1 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कर ग्राम स्तर तक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में एआरटीओ ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करने से न केवल जीवन की रक्षा होती है बल्कि आर्थिक नुकसान से भी बचाव होता है। वर्ष 2025 में पुलिस विभाग द्वारा 46,958 चालान कर 212 वाहन बंद किए गए, जिनसे 20.53 लाख रुपये प्रशमन शुल्क वसूला गया। वहीं परिवहन विभाग द्वारा 4,455 चालान और 1,066 वाहन बंद कर 2.37 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई। जनपद में कुल मिलाकर 2.58 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशों के तहत 281 ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किए गए।
ग्राम प्रधानों से अपील की गई कि वे अपने-अपने गांवों में ग्राम सड़क सुरक्षा समिति का गठन कर एक सड़क सुरक्षा अग्रदूत नामित करें। ओवरलोडिंग न करने, नशे में वाहन न चलाने, मोबाइल का प्रयोग न करने, गति नियंत्रित रखने तथा सभी वाहन प्रपत्र पूर्ण रखने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। ट्रैक्टर-ट्राली में रिफ्लेक्टर लगवाने पर विशेष जोर दिया गया।
एआरटीओ ने राह-वीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 21 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक प्रभावी इस योजना के तहत घातक दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा हिट एंड रन मोटर दुर्घटना मुआवजा योजना-2022 के अंतर्गत अज्ञात वाहन से मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये तथा गंभीर घायल होने पर 50 हजार रुपये मुआवजे का प्रावधान है। वर्ष 2025 में दिसंबर तक हिट एंड रन की 109 घटनाओं में 89 लोगों की मृत्यु तथा 81 लोग घायल हुए।
अधिकारियों ने सभी से अपील की कि यातायात नियमों का पालन कर अपने जनपद को दुर्घटना रहित बनाने में सहयोग करें।