युवक की हत्या कर शव फेंकने का आरोप, तीन नामजद

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बलीपुर निवासी 22 वर्षीय युवक विक्रम की हत्या कर उसका शव फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। मृतक के पिता सर्वेश कुमार ने गांव के ही कुछ लोगों पर रंजिशन हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद कोतवाली मोहम्मदाबाद में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम में हत्या रस्सी से गला कसकर सोमवार को होना पाया गया, मृतक के शरीर पर आधा दर्जन चोट के निशान मिले|
मृतक के पिता सर्वेश कुमार वर्तमान में अपने परिवार के साथ मानेसर, गुरुग्राम (हरियाणा) में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका छोटा पुत्र विक्रम गांव बलीपुर में उनके भाइयों डालचन्द्र व रमेशचन्द्र के साथ रह रहा था। गांव में राजेन्द्र सिंह के परिवार से पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसका कारण उनके बड़े पुत्र विकास कुमार द्वारा वर्ष 2024 में राजेन्द्र सिंह की पुत्री संजू से किया गया प्रेम विवाह बताया गया है। इस विवाह से राजेन्द्र सिंह का परिवार नाराज चल रहा था।
आरोप है कि 5 जनवरी 2026 को ग्राम बलीपुर निवासी रजनेश पुत्र राजेन्द्र सिंह, प्रशान्त उर्फ कल्लू पुत्र रामनिवास तथा अंकित पुत्र प्रमोद कुमार ने बहाने से विक्रम को गांव की गुमटी के पास बुलाया और चार पहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। बाद में उसकी हत्या कर शव को नीव करोरी अड्डे के पास फेंक दिया गया। विक्रम को ले जाते समय उसके चाचा डालचन्द्र ने उन्हें देखा था।
पुलिस ने शव बरामद होने के बाद पहचान कराई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। मृतक विक्रम के ऊपर चोरी व आर्म्स एक्ट के लगभग आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं| मिली जानकारी के अनुसार विक्रम गांव के बाहर श्रीचंद के अंडे की दुकान पर कार्य करता था, श्री चंद नें कमीशन 80 हजार रूपये विक्रम के दोस्त को दे दिये थे, पुलिस का मानना हैं की रुपयों के बंटबारे को लेकर हत्या को अंजाम दिया गया, पुलिस जाँच में जुटी हैं |