लाठी-डंडे व फायरिंग में आठ पर एफआईआर

0
468

फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता) टेंट के पैसों के लेनदेन को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट और फायरिंग हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला सेठ निवासी अनुज राजपूत की टेंट हाउस की दुकान गांव रजलामई में है। अनुज ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसने अंशुल यादव निवासी अदूपुर के घर में एक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाया था। उस काम का 40 हजार भुगतान आज तक नहीं किया गया। कई बार पैसे मांगने पर भी अंशुल ने भुगतान नहीं किया, जिससे दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।इसी रंजिश के चलते शुक्रवार को अंशुल यादव अपने साथियों शिवम व अजय (निवासी दलेलगंज) और अकेश (निवासी मुरेठी) के साथ अनुज राजपूत की दुकान पर पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चले और फायरिंग होने लगी। घटना से दुकान पर भगदड़ मच गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि अनुज राजपूत की तहरीर पर चार नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है, जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]