सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से दुग्ध वाहन की टक्कर, पलटने से मची अफरातफरी

0
470

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता)कन्नौज से फर्रुखाबाद की ओर जा रहा दुग्ध वाहन गुरुवार तड़के सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से टकराकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे में सड़क किनारे लगा विद्युत पोल और एक दुकान का शटर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना सुबह करीब 4:30 बजे कस्बे के रेलवे स्टेशन तिराहे के पास हुई। एक ट्रैक्टर सड़क पर हैरो लगा सड़क किनारे खड़ा था, जबकि उसका चालक पास की दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान कन्नौज से फर्रुखाबाद की ओर जा रहा दुग्ध वाहन तेज रफ्तार में आया और उसका टायर ट्रैक्टर के हैरो में टकरा गया। टक्कर लगते ही टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन घूमकर कानपुर की ओर जा रुका।
दुग्ध वाहन पलटते ही मौके पर दूध के पैकेट सड़क पर फैल गए। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची कमालगंज पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू कराया और दूध के पैकेटों को निकलवाया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और दुग्ध वाहन दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।वाहन चालक अनुज कुमार निवासी संडीला, जनपद हरदोई ने बताया कि वह लखनऊ से कायमगंज जा रहा था। लगातार तीन दिनों से वाहन चलाने के कारण झपकी आने से हादसा हो गया। उसने घटना की जानकारी संबंधित कंपनी को दे दी है।
इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]