नई दिल्ली: सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दिल्लीवासियों को सस्ती बिजली-पानी मुहैया कराने का वादा निभाने की बात कही है। बजट से पहले आज विधानसभा में केजरीवाल ने कहा है कि हमारी सरकार जनता से पूछकर बजट पेश करने का प्रयोग करेगी। साथ ही केजरीवाल ने कहा कि सरकार जल्द ही पावर सेक्टर में श्वेतपत्र लाएगी। केजरीवाल उपराज्यपाल नजीब जंग के भाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान बोल रहे थे।
केजरीवाल ने कहा कि हम बजट में नया प्रयास करेंगे। जनता बताएगी कि बजट में क्या होगा। हम 10 विधानसभाओं में लोगों से पूछकर प्रयोग करेंगे। लोग बताएंगे कि पार्क की दीवार बनेगी या स्ट्रील लाइट लगेगी। छोटे-छोटे मुद्दों पर हम जनता से राय पूछेंगे। ऐसी सभी समस्याओं को जानकारी लेकर सदन में रखेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि हम आने वाले कुछ वक्त में बिजली-पानी सस्ती करने जा रहे हैं। आप सरकार बनते ही करप्शन 40-50 फीसदी कम हो गया है। हमारी योजना है कि हर इलाके के विधायक पानी को लेकर जो भी समस्या है, उसकी डिटेल लेकर हमें दे दें। जनता ने हमारे 49 दिन के काम को देखकर दोबारा मौका दिया है। हम जल्द ही बिजली-पानी के दाम कम करने जा रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि मेरी सरकार पारदर्शिता बरतेगी, स्वराज नियम बनाएगी। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा स्वत प्रदान किया जाए। ये बहुत पुरानी मांग है। दिल्ली विकास प्राधिकरण और दिल्ली नगर निगम सरकार की जवाबदेही पर हो। महिलाओं की सुरक्षा के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए सिविल वालंटियरों को तैनात किया जाएगा।
हम दिल्ली को व्यापार का केंद्र बनाने के लिए वचनबद्ध हैं। दिल्ली को इंस्पेक्टर राज से मुक्त किया जाएगा। ऐसी नीति का निर्माण करना चाहते हैं जिससे विश्व के व्यापारी दिल्ली आएं। यहां खेल और मेट्रो की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। अगले पांच साल में नई नौकरियां पैदा की जाएंगी।



