दीपावली की खरीदारी को बाजारों में उमड़ी भीड़, देर रात तक गुलजार रहे बाजार

0
11

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) दीपावली के त्योहार को लेकर फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। धनतेरस से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला दीपावली और भाई दूज के त्योहार तक जारी है। त्योहार की खुशियों के बीच लोग अपने परिवार के साथ बाजारों में पहुंचकर जमकर खरीदारी कर रहे हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर बढ़ती चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आ रहे हैं।दीपावली के मद्देनजर बाजारों में हर तरफ उत्साह का माहौल है। कपड़ों की दुकानों पर नए परिधान खरीदने के लिए महिला और पुरुष ग्राहकों की भीड़ जुट रही है। वहीं बर्तन की दुकानों पर पीतल, तांबा, स्टील और अन्य घरेलू उपयोग के सामान की खरीदारी हो रही है। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर भी ग्राहक पहुंच रहे हैं। इसके अलावा आतिशबाजी की दुकानों पर बच्चों और युवाओं के साथ परिवार के लोग पटाखे खरीदने में जुटे हैं। शहर के नेहरू रोड, रेलवे रोड और लोहाई रोड पर सबसे अधिक चहल-पहल दिखाई दे रही है। इन बाजारों में कपड़े, मिठाई, बर्तन, सजावटी सामान, पूजन सामग्री और उपहार की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। दुकानदारों ने भी त्योहार को देखते हुए अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। रंग-बिरंगी झालरें, दीपक, मोमबत्तियां, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और घरों को सजाने वाले सामान लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।फतेहगढ़ के मुख्य बाजार में भी त्योहार का उत्साह कम नहीं है। चूड़ी वाली गली, कोतवाली रोड और कचहरी रोड पर दिनभर खरीदारों की भीड़ नजर आ रही है। महिलाएं चूड़ियां, सौंदर्य प्रसाधन और कपड़ों की खरीदारी कर रही हैं, जबकि अन्य लोग घरों की सजावट और पूजन की तैयारियों में जुटे हैं।दीपावली के साथ भाई दूज के त्योहार को लेकर भी बाजारों में खरीदारी बढ़ गई है। लोग बहनों और भाइयों के लिए उपहार, मिठाइयां, कपड़े और अन्य सामान खरीद रहे हैं। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। कई लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों को देने के लिए मिठाई तथा उपहार के पैकेट खरीदते दिखाई दे रहे हैं। त्योहार के चलते बाजारों की रौनक देखते ही बन रही है। हालांकि प्रमुख मार्गों और बाजारों में बढ़ती भीड़ के कारण कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद लोगों में त्योहार की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। कुल मिलाकर दीपावली और भाई दूज के उल्लास ने फर्रुखाबाद से फतेहगढ़ तक बाजारों में रौनक बढ़ा दी है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]