रफ्तार ने ले ली आलू आढ़ती की जान, साथी गंभीर

ACCIDENT FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबादः शहर कोतवाली क्षेत्र के मदारबाड़ी निवासी आलू आढ़ती मुकेश बाजपेयी पुत्र बृजकिशोर बाजपेयी की बीती रात मार्ग दुर्घटना में मौत हो गयी। जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मुकेश बाजपेयी की सातनपुर आलू मण्डी में बाजपेयी एण्ड कंपनी के नाम से आलू की आढ़त है। उसके पिता बृजकिशोर बाजपेयी अमृतपुर के पूर्व प्रधान हैं। बीती रात मुकेश कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम बिजाधरपुर निवासी पप्पू उर्फ ब्रह्मानंद दुबे पुत्र छोटेलाल के साथ बाइक से अपने पैतृक गांव अमृतपुर गया था। रात तकरीबन साढ़े 9 बजे वह बाइक से वापस लौट रहा था। तभी मार्ग दुर्घटना में मुकेश बाजपेयी व ब्रह्मानंद दुबे गंभीर रूप से घायल हो गये। ईएमटी अबधेश ने बीती रात 11 बजे दोनो को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। जहां मुकेश बाजपेयी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल ब्रह्म्हानंद दुबे का उपचार शुरू कर दिया गया। मुकेश बाजपेयी की मौत की खबर मिलते ही पत्नी विभा बाजपेयी व अन्य परिजन लोहिया अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। मुकेश के एक 16 वर्षीय पुत्र आर्येन बाजपेयी है।

लोहिया अस्पताल में भर्ती ब्रह्मानंद दुबे ने बताया कि वह लोग तेज गति से बाइक चलाकर आ रहे थे। तभी अमृतपुर राजेपुर मार्ग पर ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर लगने से दुर्घटना हो गयी। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गयी। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करने की तैयारी कर रही है।