19 मेधावियों का भव्य सम्मान, 21 हजार राशि, मेडल व प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मानित

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले 19 मेधावी छात्र-छात्राओं का सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मान किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को 21 हजार की प्रोत्साहन राशि, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चन्द्र वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सहित जनपद के अनेक प्रधानाचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद लखनऊ के लोकभवन में आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी छात्र सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के मेधावियों को सम्मानित किए जाने का दृश्य देखकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के 19 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।सांसद मुकेश राजपूत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर ही लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने की प्रेरणा दी। विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को अपनाने का आह्वान किया तथा उनकी सफलता में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, ज्ञान और प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आश्वस्त किया कि प्रशासन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए लगातार प्रयासरत है। समारोह के दौरान सम्मानित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया।