यादवों ने दलित भाइयों को पीटा, पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट

Uncategorized

फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी की सरकार को कोस रहे लोहिया अस्पताल में भर्ती दलित प्रदीप कुमार जाटव पुत्र सालिगराम व उसका चचेरा भाई अनिल कुमार पुत्र रामचन्द्र इस बात से खिन्न हैं कि उनकी पिटायी के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। घायलों का आरोप है कि सपा सरकार की बजह से थाने में उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी। क्योंकि मामला यादव विरादरी का है।

थाना शमसाबाद क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर निवासी घायल प्रदीप कुमार जाटव ने बताया कि वह गांव के ही वीरेन्द्र पुत्र मुंशीलाल गंगवार का पांच बीघा खेत बटाई पर कर रहा है। जिसमें इन दिनों सरसों बो रखी थी। कई दिनों से खेत की सरसों उखड़ने की जानकारी होने पर प्रदीप व अनिल अपने खेत की निगरानी कर रहे थे। तभी गांव के ईश्वरीय यादव व उसका पुत्र केतन खेत में सरसों उखाड़ रहे थे। जिस पर दोनो ने सरसों न उखाड़ने की बात कही। जिस बात को लेकर ईश्वरीय व उसका पुत्र आग बबूला हो गये और अपने तीन अन्य साथियों को भी बुला लिया। घायल दलित प्रदीप का आरोप है कि उन लोगों ने जाति सूचक गाली देते हुए लाठी डन्डों से पीट पीट कर दोनो को घायल कर दिया। घटना की जानकारी देने दोनो घायल जब थाना शमसाबाद पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें टरका दिया। दोनो को परिजनों ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।

इस सम्बंध में शमसाबाद थानाध्यक्ष दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई थी। घायलों ने जिन लोगों का नाम बताया था। उनके घर दबिश दी गयी है। मौके पर आरोपी नहीं मिले। घायलों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया जायेगा।