गंगा में डूबे युवक का शव मिला

Uncategorized

कायमगंज (फर्रुखाबाद) : पड़ोसी जनपद कांशीराम नगर के ग्राम पदम नगला निवासी यदुनाथ सिंह का 18 वर्षीय पुत्र ब्रजेश सिंह दो दिन पूर्व गंगा में डूब गया था। काफी खोजबीन करने के बाद भी युवक का शव दो दिन से नहीं मिल रहा था। तभी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिनौली के पास गंगा के किनारे एक युवक का शव देखा गया। शव की सूचना लगते ही युवक के पिता ने अपने पुत्र ब्रजेश के रूप में शिनाख्त की।

 

जानकारी के अनुसार बृजेश बीते दो दिन पूर्व अपने पशु चराने खेतों पर गया था।  बृजेश पशु की पूछ पकड़कर गंगा पार कर रहा था। तेज बहाव के कारण पशु की पूछ बृजेश के हाथ से छूट गयी और बृजेश गंगा की धार में बह गया। जानकारी होने पर परिजनों ने युवक की काफी खोजबीन की। गंगा में गोताखोरों को लगाया गया लेकिन युवक का शव नहीं मिला।

बुधवार को सिनौली के खेतों की तरफ एक शव गंगा में तैरता हुआ देखा गया। देखते ही शव को ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया।  शव को निकालकर गंगा के किनारे रख लिया। शव मिलने की खबर आस पास के क्षेत्र में जगंल की आग की तरह फैल गयी तथा शव देखने वालों की भीड़ लग गयी।  उसके गांव वाले उसे गंगा किनारे किनारे खोजते खोजते ग्राम सिनौली पहुंचे वहां भीड़ देख कर उन्हे पता चला कि गांव वालों ने गंगा किनारे बह रहे शव को निकाला है। वे शव के पास पहुंचे शव देखकर उन्होने शव की शिनांख्त ब्रजेश के रूप में की। शव को देख कर ब्रजेश की मॉ राम कुमारी का रो रो कर बुरा हाल है।