होमगार्ड्स के लिए बड़ी खबर, पुलिसकर्मियों की तरह मिलेंगे वर्दी भत्ते के तीन हजार

0
103

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश शासन ने होली पर्व से पहले होमगार्ड जवानों के चहरे खुशी से लाल कर दिए हैं। कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर डटे रहने वाले होमगार्ड स्वयंसेवकों के कल्याण का एक और बड़ा कदम उठाया गया है। अब होमगार्ड स्वयंसेवकों व अवैतनिक अधिकारियों को पुलिसकर्मियों की तरह वर्दी भत्ता प्रदान किया जाएगा।
प्रत्येक होमगार्ड स्वयंसेवक/अवैतनिक अधिकारी को हर  तीन वर्ष में एक बार तीन हजार रुपये वर्दी भत्ता प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया है। प्रमुख सचिव होमगार्ड अनिल कुमार ने इसका आदेश जारी कर दिया है।  होमगार्ड स्वयंसेवकों व अवैतनिक अधिकारियों को अब तक शासकीय धनराशि से वर्दी खरीदकर उपलब्ध कराई जाती रही है। इसके लिए कई वर्षों से वर्दी मद में धनराशि आवंटित होती रही है, लेकिन वर्दी क्रय करने की प्रक्रिया अत्यंत जटिल व लंबी होने के कारण काफी दिक्कत होती थी।
यही वजह है कि शासन ने अब होमगार्ड स्वयंसेवकों व अवैतनिक अधिकारियों को वर्दी भत्ता देने का निर्णय लिया है। इससे होमगार्ड स्वयंसेवक जरूरत के अनुरूप समय से अपनी वर्दी खुद खरीद सकेंगे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर होमगार्ड स्वयंसेवकों के दैनिक भत्ते में बढ़ोत्तरी का महत्वपूर्ण कदम उठाया गया था। शासन ने होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए ड्यूटी के अवसर भी बढ़ाए हैं।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]