फर्रुखाबाद:(जहानगंज/नगर संवाददाता)सोमवार शाम जहानगंज थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच टूट जाने से बड़ा हादसा हो गया। ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में ट्रॉली पर सवार आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी भेजा गया। गंभीर हालत को देखते हुए एक घायल को कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक चौकी महमदपुर गांव निवासी जसवंत के घर सोमवार को मंदिर में शिवलिंग स्थापना का कार्यक्रम होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव और रिश्तेदारी के लोग तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पांचाल घाट गए थे। शाम को कार्यक्रम से लौटते समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जहानगंज थाना क्षेत्र में पहुंची, तभी अचानक ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाली हिच टूट गई।
हिच टूटते ही ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में डीजे और जनरेटर भी रखा था। बताया गया कि उस समय ट्रॉली में करीब 18 से 20 लोग सवार थे। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलने पर जहानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के जरिए लोहिया अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।
लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में एक साथ आठ घायलों के पहुंचने पर चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार रमाकांत को गंभीर चोट लगी है। उनकी पसली टूटकर फेफड़े में
घुस गई थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा के लिए कन्नौज मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहीं एक अन्य घायल के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
दुर्घटना में 25 वर्षीय लालू सिंह, 37 वर्षीय रमाकांत, 15 वर्षीय अंश, 15
वर्षीय रजनेश, 40 वर्षीय शेर सिंह, 23 वर्षीय जितेंद्र, 15 वर्षीय ध्रुव और 18 वर्षीय मोहित घायल हुए हैं। जहानगंज थाना प्रभारी पूनम अवस्थी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच टूटने के कारण वह पलट गई थी। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां से एक गंभीर घायल को कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हिच टूटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, आठ घायल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



