हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा, 17 साहित्यकार सम्मानित, 44 कॉलेजों को मिलीं पुस्तकें

0
15

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत सांसद विकास निधि योजना के तहत राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं साहित्य के विकास के उद्देश्य से पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ के सभागार में साहित्यकार सम्मान एवं पुस्तक वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 17 साहित्यकारों को सम्मानित किया गया, जबकि चयनित 44 इंटर कॉलेजों को पुस्तकें वितरित की गईं।कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा सामूहिक स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, महादेवी वर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम संयोजक दीपिका राजपूत ने अतिथियों का स्वागत किया।मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने घोषणा की कि अगले वित्तीय वर्ष में इससे भी व्यापक स्तर पर साहित्यकार सम्मान एवं पुस्तक वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो शैक्षणिक संस्थान इस पुस्तक वितरण अभियान में छूट गए हैं, उन्हें अगले वित्तीय वर्ष में पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि पुस्तक को किस प्रकार पढ़ा जाए और उससे क्या सीखा जाए, यह पाठक पर निर्भर करता है। साहित्यकारों ने पुस्तकों में अपने अनुभव और विचारों को दर्ज किया है, जिनसे समाज और विद्यार्थियों को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यालयों तक पुस्तकें पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिवओम अंबर ने कहा कि देश के सामने समस्याएं आती रहेंगी, लेकिन उनका सकारात्मकता के साथ सामना करना चाहिए। उन्होंने सांसद द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।समारोह में शिवओम अंबर, सुरेंद्र सिंह सोमवंशी, पवन बाथम, बृजकिशोर सिंह, रामावतार शर्मा ‘इंदु’, महेश पाल सिंह ‘उपकारी’, नलिन श्रीवास्तव, डॉ. गरिमा पांडेय, प्रीति पवन तिवारी, भूपेंद्र प्रताप सिंह, भारती मिश्रा, सुरेंद्र पांडेय, उपकार मणि, वैभव सोमवंशी, उत्कर्ष अग्निहोत्री, स्मृति अग्निहोत्री और विशाल श्रीवास्तव को हिंदी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र, सम्मान-पत्र, पुस्तकें एवं शॉल देकर सम्मानित किया गया।इसके अलावा जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के सेवानिवृत्त लेखाकार वीरेंद्र कुमार सिंह, कंप्यूटर प्रोग्रामर देवेश सक्सेना, डाटा एंट्री ऑपरेटर पूजा भदौरिया, राजकीय जिला पुस्तकालयाध्यक्ष रविंद्र प्रताप सक्सेना, उप प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज आदेश गंगवार और कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक के कंप्यूटर ऑपरेटर नवनीत भारद्वाज को उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए सम्मानित किया गया।पीएम महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत सहित विद्यालय की 16 शिक्षिकाओं को शिक्षा एवं सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में योगदान के लिए शिक्षक सम्मान-पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम का संचालन युवा कवि एवं शिक्षक वैभव सोमवंशी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अभिव्यंजना के समन्वयक भूपेंद्र प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, साहित्यकारों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]