सैफई सिंडीकेट को लूट का पुराना अनुभव, अब भ्रष्टाचार करने वालों की संपत्ति होगी जब्त: सीएम

0
69

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित बाढ़ राहत वितरण कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने करीब एक हजार बाढ़ राहत पैकेट वितरित करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि “सैफई सिंडीकेट को लूट का पुराना अनुभव है।” उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले नौकरी की व्यवस्था पर एक सिंडीकेट हावी रहता था, लेकिन अब व्यवस्था बदल चुकी है। यदि कोई नौकरी में खिलवाड़ करेगा तो जेल जाने के साथ उसकी संपत्ति भी जब्त की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के 102 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लगातार राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। बाढ़ राहत शिविरों में बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने गंगा किनारे रहने वाले बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार तटबंध निर्माण की दिशा में प्रयास कर रही है और बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। किसानों को फसलों के नुकसान का मुआवजा भी दिलाया जाएगा।सीएम योगी ने कहा कि गन्ना किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। फर्रुखाबाद में गंगा एक्सप्रेस-वे का लिंक बन रहा है। उन्होंने कहा कि अब फर्रुखाबाद के विकास को लेकर पुराने तंज सुनने को नहीं मिलेंगे।उन्होंने कहा कि सरकार महारानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत 50 हजार बालिकाओं को स्कूटी उपलब्ध करा रही है। आलू किसानों की सुविधा के लिए आगरा में अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाया जा रहा है। सरकार हर परिस्थिति में अन्नदाता किसानों के साथ खड़ी है।रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहली बार बिना भेदभाव के नियुक्तियां हुई हैं। फर्रुखाबाद के साथ कोई अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और युवाओं की नौकरी के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।मुख्यमंत्री ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को लेकर कहा कि अब मानदेय का पैसा सीधे उनके खातों में भेजा जाएगा और बिचौलियों की जरूरत नहीं रहेगी। उन्होंने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये किए जाने की बात भी कही।कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, नागेंद्र सिंह राठौर, डॉ. सुरभि, सुशील शाक्य, एमएलसी प्रांशु दत्त द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव, जिला प्रभारी शिव महेश दुबे, प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर शाहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]