सीएम व पीएम पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो डालने में केस

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
शिकायतकर्ता रूद्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम दारापुर ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव के ही युवक पंकज यादव पुत्र ओंकार उर्फ जालिया द्वारा फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें देश के प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र एवं अश्लील भाषा का प्रयोग किया गया है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी पूर्व में भी इस प्रकार के विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर डालता रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्रार्थी ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच निरीक्षक कमता प्रसाद को सौंपी गई है। पुलिस आवश्यक साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखा जा सके।