ओमवीर हत्याकांड: मास्टरमाइंड गिरफ्तार, आठ माह बाद खुला राज

0
368

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) बहुचर्चित ओमवीर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के सख्त निर्देश पर बहादुर थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस जघन्य वारदात के मुख्य साजिशकर्ता देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ओमवीर पुत्र पेशकार का पहले अपहरण किया गया था। आरोप है कि इसके बाद उसे हाथ-पैर बांधकर जिंदा जमीन में दफना दिया गया। घटना के बाद लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका, जिससे परिजन न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे।
करीब आठ माह बाद पुलिस जांच के दौरान ओमवीर का शव आरोपियों के ही खेत से बरामद हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार दबिश देकर मुख्य साजिशकर्ता देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिलाया था। देवेंद्र यादव पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, मारपीट, धमकी समेत कई गंभीर मामले भी दर्ज बताए जाते हैं।
पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद जहां परिजनों में न्याय की उम्मीद जगी है, वहीं क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]