सावन के पहले सोमवार की बारिश से शहर बेहाल, शहर बना नहर

0
41

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सावन के पहले सोमवार को एक ओर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, तो दूसरी ओर देर शाम हुई झमाझम बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। बारिश से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन शहर की कई गलियां नहर में तब्दील हो गईं। राहगीर घुटनों तक पानी में निकलते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर नालों की समुचित सफाई न कराने का आरोप लगाया है।बारिश के बाद लालगेट से लेकर चौक तक कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। खासतौर पर लाल सराय इलाके में जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। लालगेट से चौक जाने वाले मार्ग पर लाल सराय पानी की टंकी के पास करीब 15 दिन पहले खराब हुए ट्रांसफार्मर के स्थान पर बिजली विभाग द्वारा लगाया गया मोबाइल ट्रांसफार्मर और उसकी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी होने से रास्ता संकरा हो गया, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई।बताया गया कि इसी मोबाइल ट्रांसफार्मर से तलैया फजल इमाम, लालगेट, रेटगंज, ग्राटगंज, लिंजीगंज, मनीगंज, लोहाई रोड़ , खटकपुरा और बूड़ा वाली गली समेत कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्था न किए जाने के कारण आए दिन लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।बारिश के बाद तलैया फजल इमाम, गंगानगर, दिल्ली ख्यालीकूंचा, खटकपुरा, मदरबाड़ी, इस्माइलगंज, साहनी, सुनहरी मस्जिद, रेलवे रोड, पक्का पुल, बीबीगंज, तिकोना नाला, सिम्तसुमाल, लोहाई रोड, घमंडी, ऊंचा और अंगूरीबाग समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर शाम हुई बारिश का असर बाजारों पर भी दिखाई दिया। बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम रही, जिससे कारोबार प्रभावित हुआ और दुकानदारों के चेहरे मायूस नजर आए।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाती, तो शहरवासियों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर टिकी हुई हैं।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]