राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने छात्राओं को किया जागरूक

0
41

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी के जनपद आगमन पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को जागरूक किया, नवजात बेटियों के जन्मोत्सव में हिस्सा लिया, विद्यालय का निरीक्षण किया और वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का हालचाल जाना। फतेहगढ़ स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित संवाद कार्यक्रम में चारू चौधरी ने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सोशल मीडिया के अच्छे और बुरे प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बेटियों के लिए आज के दौर में कुछ भी असंभव नहीं है। मेहनत और लगन के बल पर हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इस दौरान छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।इसके बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां नवजात बेटियों के सम्मान में केक काटा गया और 20 बच्चों को खिलौने, हिमालया बेबी किट, मिठाई और तुलसी का पौधा भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।उपाध्यक्ष ने कमालगंज स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की वर्दी और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा उन्होंने वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण किया और वहां रहने वाले बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और खानपान की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग हमारे माता-पिता के समान हैं और उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जानी चाहिए।इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र, डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा मिश्रा, संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट कुमुदिनी रमन, जेंडर स्पेशलिस्ट निर्मला देवी, रुचि सिंह, अकाउंट असिस्टेंट रीतम शाक्य सहित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिकाएं और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]