फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर कोतवाली क्षेत्र के लाल सराय स्थित पानी की टंकी के पास शनिवार को पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक पक्ष लाल सराय का जबकि दूसरा थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र का रहने वाला है। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में लोग एक-दूसरे को सड़क पर गिराकर पीटते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। संघर्ष के दौरान कई लोगों के कपड़े भी फट गए। बताया जा रहा है कि घटना शाम करीब चार बजे हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर कोतवाली से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर करीब आधे घंटे तक बवाल चलता रहा, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। मारपीट के कारण सड़क किनारे दुकान लगाए कई दुकानदारों को भी नुकसान हुआ। धक्का-मुक्की और भगदड़ में दुकानों का सामान बिखर गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे। सूचना मिलने के बाद शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद और मारपीट हुई थी। एक पक्ष मऊ दरवाजा क्षेत्र का है जबकि दूसरा लाल सराय का निवासी है। एक पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद यह चर्चा भी तेज हो गई है कि पुलिस वायरल फुटेज के आधार पर स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करती है या फिर शिकायत मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
सरेराह दो पक्षों में जमकर चले लात-जूता, वीडियो वायरल
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



