सपा के स्टार प्रचारक की सूची में मुलायम का नाम नही

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa राष्ट्रीय

लखनऊ:उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश व उत्तराखंड में बसपा के साथ गठबंधन में उतरी समाजवादी पार्टी ने अपने 40 सदस्यीय स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें पार्टी के संस्थापक तथा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का नाम नहीं है जबकि सहारनपुर के जिलाध्यक्ष को स्टार प्रचारक बनाया गया है।
समाजवादी पार्टी इस बार लोकसभा चुनाव में उम्दा प्रदर्शन करने की खातिर जोरदार तैयारी में लगी है। पार्टी ने जीत का परचम लहराने के लिए अपने स्टार प्रचारकों की टीम का भी ऐलान कर दिया है। समाजवादी पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इसमें अखिलेश यादव, राम गोपाल यादव, आजम खां, डिंपल यादव और जया बच्चन के साथ तेज प्रताप यादव, अहमद हसन, राजेंद्र चौधरी, विशंभर प्रसाद निषाद, जावेद अली खां व शाहिद मंज़ूर आदि को शामिल किया गया है।
इस लिस्ट में सबसे बड़ी हैरान करने वाली बात यह है कि इसमें सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव का नाम नहीं है। पहले चरण के मतदान के लिए आज समाजवादी पार्टी ने रविवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। अखिलेश यादव आज ही पहले चरण में होने वाले चुनाव में प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। कन्नौज से सांसद डिंपल यादव को भी स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी सौंपी हैं।