सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र के छोटी पैथान गांव के एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार को घर से थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर निकले युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।छोटी पैथान निवासी आत्माराम का 20 वर्षीय पुत्र रौनक उर्फ रामू बुधवार सुबह घर पर मौजूद था। बड़े भाई रवि के अनुसार, परिवार के लोग तंबाकू का चक्का पलटने के काम में लगे थे। इसी दौरान रौनक यह कहकर घर से पैदल निकल गया कि वह कुछ देर में लौट आएगा।कुछ घंटों बाद सूचना मिली कि ब्राहिमपुर गांव के पास उसका सड़क हादसा हो गया है। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस और पुलिस ने घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किस वाहन ने उसे टक्कर मारी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। 20 दिन पहले ही दिल्ली से लौटा था घर परिजनों के मुताबिक रौनक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उससे बड़े रवि और सुधीर हैं, जबकि एक छोटी बहन कोमल है। रौनक दिल्ली की एक निजी फैक्ट्री में काम करता था और करीब 20 दिन पहले ही गांव आया था। परिजनों का कहना है कि वह पैदल घर से निकला था, लेकिन ब्राहिमपुर तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।