फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी दिवस के अवसर पर संस्कार भारती, फर्रुखाबाद द्वारा “विश्व हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवीन एवं स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना और जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा।संस्कार भारती के कला साधकों ने प्राचीन श्री पांडेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर में आकर्षक रंगोली बनाकर पृथ्वी माता के आंचल को सजाया और जलवायु संरक्षण का संदेश दिया। रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संतुलन, स्वच्छ ऊर्जा और प्रकृति संरक्षण की महत्ता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और प्रेरित हुए।कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय संस्कार भारती के राष्ट्रीय रंगोली प्रमुख रघुराज देशमुख पांडे ने नागपुर से संदेश भेजकर “पृथ्वी बचाओ, ऊर्जा बचाओ” का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।संस्कार भारती का उद्देश्य कला और साहित्य के माध्यम से समाज में रचनात्मकता के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। संस्था युवाओं को जोड़कर जन-जन में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।इस अवसर पर अध्यक्ष अनिल प्रताप सिंह राठौड़, गौरव मिश्रा, बंटी, नरेंद्र नाथ मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक हेमलता श्रीवास्तव, अरविंद दीक्षित, रविंद्र भदोरिया, अनुराग पांडे, दीपक रंजन सक्सेना, अनुभव सारस्वत, कुलभूषण, रजनी लौगवानी, चित्रा अग्निहोत्री, कविता शुक्ला, स्नेहा श्रीवास्तव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी दिवस पर संस्कार भारती का जागरूकता कार्यक्रम




