फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के सभागार में संयुक्त संघर्ष समिति का मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में मंडल के विभिन्न जनपदों से पहुंचे कर्मचारी एवं शिक्षक नेताओं ने हिस्सा लेकर कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश संयोजक संजय मणि त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन दीपिका त्रिपाठी ने किया। वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, जिसके लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा। साथ ही संगठन को मजबूत बनाकर कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया गया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रमोद दीक्षित
को पुनः जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके नाम की घोषणा होते ही उपस्थित कर्मचारियों और नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रमोद दीक्षित ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से संघर्ष करते रहेंगे।
कार्यक्रम में बाहर से आए अतिथियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया
गया। कवियों और वक्ताओं ने एकजुटता बनाए रखने और संघर्ष को मजबूत करने का संदेश दिया। सम्मेलन में कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, मैनपुरी और इटावा सहित मंडल के कई जिलों से कर्मचारी नेता मौजूद रहे। सम्मेलन के सफल आयोजन में जिला संयोजक प्रवेश कटियार की अहम भूमिका रही। अंत में कर्मचारियों की एकता और संगठन की मजबूती पर बल देते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
संयुक्त संघर्ष समिति की प्रमोद दीक्षित को दोबारा मिली जिला संयोजक की जिम्मेदारी





