फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के पांचाल घाट स्थित दुर्वासा ऋषि आश्रम के निकट रविवार को गंगा में स्नान करते समय एक किशोर तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और देर शाम तक खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अंधेरा होने के चलते तलाश अभियान रोक दिया गया, जिसे सोमवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव निषई से करीब सौ श्रद्धालु भागवत विसर्जन के लिए पांचाल घाट आए थे। विसर्जन कार्यक्रम के बाद सभी लोग गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान निषई निवासी 16 वर्षीय विक्रम पाल पुत्र राजीव पाल अचानक गहरे पानी में पहुंच गया व डूबने लगा। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक भी
पानी में फंस गया था, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन विक्रम को बचाया नहीं जा सका।
बताया गया है कि विक्रम इंटरमीडिएट का छात्र था। घटना की खबर मिलते ही पांचाल घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश शुरू कराई। घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। शाम करीब सात बजे तक भी छात्र का कोई पता नहीं चल सका।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विक्रम अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता राजीव पाल खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। छोटा भाई कमाल है।
चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने बताया कि गोताखोरों की सहायता से लगातार खोज अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा तलाश शुरू कराई जाएगी।
गंगा स्नान के दौरान किशोर डूबा, देर शाम तक नहीं चला पता





