गलत बिजली बिल पर होगी कार्रवाई, ऊर्जा मंत्री ने जनता को दिया भरोसा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत सोमवार को जनपद दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों से संवाद किया। फर्रुखाबाद की सीमा खुदागंज पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद मंत्री का काफिला खुदागंज से होते हुए कमालगंज मुख्य बाजार पहुंचा और फिर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत के आवास पर गया, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इसके बाद ऊर्जा राज्य मंत्री सांसद मुकेश राजपूत के भतीजे एवं संकिसा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत के निजी कार्यक्रम बघार के निकट ग्राम बर्ना खुर्द पंहुचे , जहां उन्होंने उनके नवीन प्रतिष्ठान “अरुणिका फूड्स एंड बेवरेजेज” फैक्ट्री का शुभरम्भ किया। उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि उद्योगों की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है। भीषण गर्मी और 45 से 50 डिग्री तापमान के कारण कभी-कभी विद्युत आपूर्ति में बाधाएं आती हैं, लेकिन योगी सरकार पिछली सरकारों की तुलना में बेहतर और निर्बाध बिजली व्यवस्था देने का कार्य कर रही है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई हालिया बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। स्मार्ट मीटर की प्रीपेड व्यवस्था को समाप्त कर पोस्टपेड प्रणाली लागू करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है, जिससे आम जनता और गरीब उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल गलत पाया जाता है तो उसकी जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को हर संभव राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है और भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेश में लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही उन्होंने आगामी चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सुशासन और सुरक्षा के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी तथा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि हर वर्ग का व्यक्ति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार से संतुष्ट है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की, संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत, संकीसा चेयरमैन अनुपम राजपूत, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य रहे।