फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर जनपद के विभिन्न गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना की और पुण्य लाभ प्राप्त किया। मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय दिखाई दिया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में प्रमुख गंगा घाटों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित पांचाल घाट, कमालगंज थाना क्षेत्र के सिंघी रामपुर घाट और शमसाबाद क्षेत्र के ढाई घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पूरे मेला क्षेत्र पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है, जिससे हर गतिविधि की निगरानी की जा सके। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए घाटों पर नाव और प्रशिक्षित गोताखोर भी मौजूद रहे। वहीं प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए लगातार लोगों को सतर्क रहने, गहरे पानी में न उतरने और बच्चों पर विशेष ध्यान देने की अपील की जा रही है।
प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों के चलते मेला क्षेत्र में शांति और अनुशासन का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने सुरक्षित वातावरण में गंगा स्नान कर धार्मिक परंपराओं का पालन किया।
गंगा दशहरा पर घाटों पर उमड़ी आस्था
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



