विधान सभा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 17 नवंबर से शुरू होंगे दावे-आपत्तियां

0
13

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में वर्तमान में 1642 मतदेय स्थल हैं। 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर इनके सम्भाजन एवं समायोजन के बाद 1605 मतदेय स्थल बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश को भेजा गया है। प्रस्ताव के अनुसार कायमगंज में 470, अमृतपुर में 372, फर्रुखाबाद में 390 तथा भोजपुर में 373 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। आयोग की स्वीकृति के बाद नई व्यवस्था लागू होगी।उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जाएगा। एकीकृत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर को होगा। इसके बाद 16 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।विशेष अभियान के लिए 21 व 22 नवंबर तथा 28 व 29 नवंबर की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दिनों प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहकर मतदाताओं के दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। बीएलओ के पास फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की।जिलाधिकारी ने कहा कि जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फार्म-6 भरकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन के साथ नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, सक्रिय मोबाइल नंबर, पूरा पता और आवश्यक अभिलेख देना अनिवार्य होगा।मतदाता सूची में छूटे लोगों को चिह्नित करने के लिए शहरी निकायों और पंचायत की मतदाता सूचियों का मिलान कराया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों और शहरी क्षेत्रों में सभासदों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के लाभार्थियों में 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं और महिलाओं को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।महिला स्वयं सहायता समूहों की सखियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा एवं एएनएम के माध्यम से भी पात्र महिलाओं का सत्यापन कराकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।बैठक में भाजपा के मुकेश गुप्ता, बसपा के रामरतन गौतम, सपा के सुभाष चन्द्र शाक्य, आम आदमी पार्टी के अंकुश सिंह, अपना दल एस के आयुष गुप्ता, सीपीआईएम के सुनील कुमार कटियार, कांग्रेस के वरुण त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह सहित संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]