रामलीला देखने निकले युवक का दूसरे गांव में मिला शव, हत्या की आशंका

0
21

फर्रुखाबाद:(जहानगंज संवाददाता) रामलीला देखने के लिए घर से निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव घर से करीब चार किलोमीटर दूर दूसरे गांव में एक खाली प्लाट में पड़ा मिला। शरीर पर चोटों के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। वहीं, पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। ग्राम पंचायत झंसी के मजरा नगला चाहर निवासी नंदराम राजपूत का 22 वर्षीय पुत्र दीपक बुधवार रात गांव में आयोजित रामलीला देखने की बात कहकर घर से निकला था। गुरुवार सुबह सरवर आलमपुर गांव में सुभाष चंद्र के खाली पड़े प्लाट में उसका शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासी कुलदीप शाक्य ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजपूताना चौकी प्रभारी जसवीर सिंह और थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने एकत्र किए। इसके अलावा खोजी कुत्ते की मदद से भी जांच कराई गई। मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जबकि गले पर चोट के निशान भी दिखाई दिए। कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। भाई जबर सिंह, घनश्याम और चाचा वीरभान ने बताया कि दीपक रामलीला देखने निकला था। वह नगला चाहर से करीब चार किलोमीटर दूर सरवर आलमपुर कैसे पहुंच गया, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। परिवार के अन्य सदस्य मैनपुरी में एक रिश्तेदार के यहां नामकरण संस्कार में शामिल होने गए थे। परिजनों के मुताबिक दीपक अविवाहित था और उसके पिता की करीब 13 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है।मृतक के भाई जबर सिंह ने किसी से भी पारिवारिक रंजिश होने से इनकार किया। वहीं, प्रेम प्रसंग को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं सामने आई हैं। थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल ने बताया कि युवक के कपड़ों पर गेरू आदि लगा मिला है, जिससे आशंका है कि मौत से पहले उसका कहीं विवाद हुआ हो। मौत की वास्तविक वजह और हत्या की आशंका की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]