फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र स्थित रोडवेज बस स्टॉप पर गुरुवार देर शाम एक नाबालिग को मोबाइल चोरी करते समय यात्रियों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे रोडवेज चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ के जिला जेल चौराहा निवासी रामकृपाल पुत्र जवाहर दिल्ली जाने के लिए रोडवेज बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और बीड़ी पिलाने के लिए कहा। जैसे ही रामकृपाल बीड़ी जलाने लगे, वहीं खड़े एक नाबालिग ने उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया और मौके से भागने का प्रयास किया।मोबाइल चोरी का पता चलते ही रामकृपाल ने शोर मचा दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद यात्रियों ने पीछा कर नाबालिग को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।पुलिस पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया नाबालिग थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के बजरिया इलाके का रहने वाला है। थाना कादरी गेट प्रभारी निरीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज बस स्टॉप पर मोबाइल चोरी करते नाबालिग पकड़ा, यात्रियों ने पुलिस को सौंपा
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



