नगर पालिका के ट्रैक्टर की टक्कर से किशोर की मौत, चालक फरार

0
308

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में नगर पालिका के कूड़ा ढोने वाले ट्रैक्टर की टक्कर से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी, हैबतपुर गढ़िया निवासी सतीश और सर्वेश पुत्र गंगाराम ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सतीश अपने 17 वर्षीय पुत्र निलेश को साइकिल पर बैठाकर फर्रुखाबाद बाजार जा रहे थे। आरोप है कि शनिदेव मंदिर के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए नगर पालिका के ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी।हादसे में निलेश सड़क पर गिर पड़ा और ट्रैक्टर का अगला पहिया उसके पेट के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक राजेंद्र ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।परिजन निलेश को तत्काल करबला रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बजरिया चौकी प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि नगर पालिका के ट्रैक्टर से दुर्घटना होने की सूचना मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और मामले की जांच की जाएगी।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]