मोटर की मरम्मत के दौरान हादसा, क्षेत्र पंचायत सदस्य के पुत्र की करंट से मौत

0
294

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के परमापुर गांव में टिल्लू पंप की मोटर की मरम्मत करते समय करंट लगने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक को परिजन जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, परमापुर निवासी एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य हरनाथ सिंह कुशवाहा के पुत्र अमरेश उर्फ भूरे (26) घर में लगे टिल्लू पंप की खराब मोटर को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मोटर में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े।घटना के बाद परिजनों ने बिजली की आपूर्ति बंद कर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अमरेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।मृतक अपने पीछे पत्नी अर्चना, छह वर्षीय पुत्र रुद्राक्ष और चार वर्षीय पुत्री सिया को छोड़ गए हैं। उनकी मां रामश्री समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि अमरेश छह भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर थे और परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक मृतक के घर पहुंच गए। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर किसी की आंखें नम हो गईं।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]