रोडवेज बस की टक्कर से दिव्यांग युवक की मौत, साथी घायल

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरीगेट क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दिव्यांग युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज जिला अस्पताल लोहिया में चल रहा है।
मोहम्मदाबाद के मोहल्ला राजीव नगर निवासी 30 वर्षीय गोपाल शुक्ला पुत्र हरिचंद्र शुक्ला तथा 26 वर्षीय अतुल पुत्र राधामोहन किसी कार्य से फर्रुखाबाद आए थे। सोमवार रात वापस लौटते समय इटावा-बरेली हाईवे पर गांव सकवाई के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने दोनों घायलों को डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. अमन कुमार ने गोपाल शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं, घायल अतुल का पैर फ्रैक्चर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, गोपाल शुक्ला चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। कुछ दिन पूर्व ही उसके बड़े भाई का भी निधन हो गया था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही मां सरला शुक्ला और भाई अमन व अनुराग का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक गोपाल एक पैर से दिव्यांग था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।