फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम भूलनपुर निवासी 60 वर्षीय राज बहादुर कठेरिया का शव सोमवार सुबह मेडिकल कॉलेज भोजपुर के पीछे रेलवे लाइन के किनारे मिलने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार राज बहादुर रविवार को अपनी पुत्री के यहां गए थे। वापस लौटते समय उन्होंने ग्राम कैलाशपुरी पाल का नगला निवासी इंद्र बहादुर पाल की परचून की दुकान पर अपना मोबाइल फोन और खरबूजे रख दिए थे। इसके बाद उन्होंने कमालगंज जाने की बात कहकर वहां से प्रस्थान किया था।
सोमवार सुबह रेलवे कर्मी ने ट्रैक किनारे एक शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने मृतक की पहचान राज बहादुर कठेरिया के रूप में की और उनके परिजनों को अवगत कराया। जानकारी मिलते ही पुत्र सुनील सहित परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों के मुताबिक राज बहादुर चंडीगढ़ में नौकरी करते थे और कुछ दिन पहले ही घर आए थे। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। परिस्थितियों के आधार पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हुई। भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरने की कार्रवाई कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेलवे लाइन के पास वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, हादसे में मौत की संभावना





