ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत, शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम

0
260

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम हरसिंहपुर गहलवार निवासी 20 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर हादसे में मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार हरसिंहपुर गहलवार निवासी अमन पुत्र संतोष छत्तीसगढ़ बिलासपुर स्थित एक ट्रैक्टर डिपो पर ट्रैक्टर परिवहन का कार्य करता था। बताया गया है कि ड्यूटी के दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अमन ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को जब अमन का शव गांव पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। मां वीना, भाई शिवधारा तथा दादी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों की करुण पुकार सुनकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।बताया गया कि अमन दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग लगातार परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। घटना की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह परमार भी गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने बताया कि अमन मिलनसार, मेहनती और सरल स्वभाव का युवक था। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]