मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक, ताजियों की ऊँचाई 10 फिट तक रखने के निर्देश

0
42

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की। इसमें पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पीस कमेटी के सदस्यों ने साहबगंज चौराहे पर स्थित पीपल के पेड़ की टहनियों की सुरक्षा के लिए बल्ली लगवाने तथा नाला मच्छरट्टा क्षेत्र के खुले नालों को ढकवाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजियों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिससे विद्युत लाइनों और अन्य संरचनाओं से दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने विद्युत विभाग को झूलते और नीचे लटक रहे तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा नगर क्षेत्रों में नालों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बिना प्रशासनिक अनुमति और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के कोई भी जुलूस नहीं निकाला जाएगा। उन्होंने आयोजकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सभी नागरिकों से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा, लेकिन शांति व्यवस्था बनाए रखने में जनसहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), पुलिस प्रशासन के अधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]