फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र स्थित मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को 23 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान आगरा के गुरु गोविंद नगर, उखरा मार्ग, राजपुर चुंगी निवासी हरिओम सिंह पुत्र श्यामपाल सिंह के रूप में हुई।जानकारी के मुताबिक, हरिओम के मित्र शौर्य दीक्षित और बृज हरगोविंद पाराशर
शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे उसे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. दीपक तिवारी ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के छात्र और शिक्षक भी अस्पताल पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां कॉलेज के विद्यार्थियों और कर्मचारियों की भीड़ जुट गई।दोस्तों के मुताबिक, हरिओम शुक्रवार को कक्षा में नहीं गया था। वह पिछले दो दिनों से परेशान चल रहा था। साथियों ने यह भी बताया कि उसने कई लोगों से ऑनलाइन रुपये लिए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने कमरे में वाईफाई की केबल काटकर पंखे के कुंडे से फंदा लगाया। वहीं, कुछ लोगों ने आगरा में रहने वाली एक युवती से उसके प्रेम संबंध होने की बात भी कही है। हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।मऊदरवाजा थानाध्यक्ष राम सहाय ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मेडिकल कॉलेज के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



