फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ऑफिसर क्लब फतेहगढ़ में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष नीरज कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विधिक अधिकारों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के प्रारंभ में जनपद न्यायाधीश ने अन्य अतिथियों के साथ विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं और लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। शिविर में पात्र लोगों को चिह्नित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए मौके पर ही पंजीकरण कराया गया। साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों और न्याय पाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन बिन्दिया भटनागर ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।इस अवसर पर विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और कानून के पालन के महत्व पर भाषण दिए। नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को संविधान के प्रति सम्मान तथा अधिकारों के साथ कर्तव्यों के निर्वहन का संदेश दिया गया। प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को जनपद न्यायाधीश और अन्य न्यायाधीशों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया। इस दौरान अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी संजय कुमार, एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, सीओ सदर अभय वर्मा, एआरटीओ सुभाष राजपूत सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मेगा विधिक सहायता शिविर में दी विधिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



