फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने खाद्य सुरक्षा विभाग को प्रतिष्ठानों पर नियमित छापेमारी, निरीक्षण और नमूना संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मिठाई के डिब्बों पर उपयोग की अंतिम तिथि (यूज बाई डेट) अंकित करना अनिवार्य किया गया है। इसका उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ चालान की कार्रवाई होगी।बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रयोगशाला जांच में खाद्य पदार्थ असुरक्षित अथवा मानक के विपरीत मिलने पर प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।उन्होंने मिठाई विक्रेताओं के यहां विशेष निगरानी रखने और निरीक्षण के दौरान डिब्बों पर उपयोग की तिथि स्पष्ट रूप से अंकित होने की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कारीगरों और सहायकों के लिए मास्क, हैंड ग्लव्स, फुट कवर और हेड कैप पहनना अनिवार्य बताया। खाद्य सामग्री तैयार करने, रखने और पैकिंग करने वाले स्थानों पर साफ-सफाई रखने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त खाद्य को असुरक्षित पाए जाने वाले मिष्ठान एवं खाद्य पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। उन्होंने नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य अजीत कुमार मौजूद रहे।
मिठाई के डिब्बों पर उपयोग की तिथि लिखना अनिवार्य, उल्लंघन पर होगा चालान
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



