फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा पुल के पास महिला से हुई चेन लूट की घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने जनपद और आसपास के जिलों के मुख्य मार्गों पर लगे तीन दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल सका है।जानकारी के अनुसार सौरभ शुक्ला पुत्र राजीव शुक्ला निवासी दीनदयाल बाग मसेनी, थाना कादरीगेट अपनी माता अनीता शुक्ला के साथ 1 जून 2026 को मोटरसाइकिल से जलालाबाद जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे जब वे रामगंगा पुल से लगभग 50 मीटर पहले पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवकों ने उनकी माता के गले से चेन लूट ली और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर पुलिस टीमों को खुलासे में लगाया गया है। पुलिस ने घटना स्थल से लेकर जनपद और आसपास के जिलों के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसके अलावा कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कुछ तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर घटना के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजेपुर ने बताया कि पुलिस घटना के शीघ्र अनावरण के प्रयास में जुटी है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।
महिला से चेन लूट का मामला, तीन दर्जन से अधिक सीसीटीवी खंगाल चुकी पुलिस



