कर्ज से बचने के लिखी थीं माँ की चेन लूट की पटकथा, पुलिस जांच में खुली पोल

0
248

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता ) थाना क्षेत्र में महिला से चेन लूट की बताई गई घटना पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी निकली। पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद शिकायतकर्ता युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्यवाही की है।
जानकारी के अनुसार दीनदयाल बाग मसेनी निवासी राहुल शुक्ला ने 1 जून 2026 को राजेपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी मां अनीता शुक्ला के साथ बाइक से जलालाबाद जा रहा था। इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल के पास पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने उसकी मां के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटना की पड़ताल के लिए तीन दिनों तक व्यापक जांच की। इस दौरान पुलिस ने करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कथित चेन स्नैचिंग की घटना का कोई प्रमाण नहीं मिला। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ और उससे सख्ती से पूछताछ की गई।
पूछताछ में राहुल शुक्ला ने स्वीकार किया कि उस पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज था। आर्थिक दबाव के कारण उसने अपनी मां के साथ मिलकर चेन लूट की झूठी कहानी रची थी, ताकि कर्ज और चेन के संबंध में लोगों को गुमराह किया जा सके। पुलिस जांच में घटना पूरी तरह फर्जी पाए जाने पर उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार ने आरोपी राहुल शुक्ला को डाबड़ी के निकट से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शांति भंग की धाराओं में चालान किया गया। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को गुमराह करने और झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की फर्जी शिकायतें वास्तविक अपराधों की जांच को प्रभावित करती हैं और पुलिस का समय भी व्यर्थ करती हैं।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]