फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस,
राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, त्याग और देशभक्ति का प्रतीक है तथा प्रदेश सरकार ऐतिहासिक महापुरुषों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।प्रतिमा अनावरण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को सहायता सामग्री एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।कृषि विभाग द्वारा एक किसान को ट्रैक्टर और दूसरे किसान को रोटावेटर प्रदान किया गया। उद्योग विभाग ने 10 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की, जबकि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों को 51.90 लाख रुपये का रिवॉल्विंग फंड दिया गया।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत दो लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। दिव्यांग कल्याण विभाग ने दो लोगों को हियरिंग मशीन वितरित की। मुख्यमंत्री बाल सहायता योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए, वहीं श्रम विभाग द्वारा मातृत्व एवं शिशु हितलाभ योजना में दो लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।मत्स्य विभाग की मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 1.47 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के चेक वितरित किए गए तथा पांच लोगों को घरौनी प्रमाण पत्र सौंपे गए।समीक्षा बैठक में मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच और औचक निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।एनएचएआई द्वारा बनाई जा रही बेवर–फर्रुखाबाद सड़क परियोजना के अधूरे कार्यों पर भी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की और परियोजना निदेशक को जिलाधिकारी के साथ बैठक कर लंबित कार्य जल्द पूरा कराने को कहा। साथ ही मडैयन घाट पुल के पहुंच मार्ग के लिए बाईपास सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विधानसभा वार विकास कार्यों की सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।कार्यक्रम में फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत , अमृतपुर विधायकसुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि , भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर , पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ रहे।
महाराणा प्रताप जयंती पर प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने किया प्रतिमा का अनावरण





