फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) इटावा-बरेली हाईवे पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज क्षेत्र के नगला खुरु गांव निवासी बली सिंह (75) अपने पैतृक गांव गाजियांपुर से साइकिल द्वारा वापस घर लौट रहे थे। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर दीपक ढाबा के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल बली सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. जितेंद्र यादव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।बताया गया है कि मृतक बली सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में तीन बेटे — रामवीर, ओमवीर और सुनील हैं। वृद्ध की अचानक मौत से गांव में शोक का माहौल है।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार बस और चालक की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इटावा-बरेली हाईवे पर दर्दनाक हादसा, साइकिल सवार वृद्ध की मौत





