भाजपा की संगठनात्मक बैठक में 2027 की तैयारियों पर जोर, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान

0
29

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकरलाल लोधी तथा नवनियुक्त जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत सोमवार को एक दिवसीय प्रवास पर फर्रुखाबाद पहुंचे। काली नदी सीमा पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां जिला कार्यकर्ता बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने की। प्रदेश महामंत्री शंकरलाल लोधी ने कहा कि भाजपा विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित संगठन है। उन्होंने नए दायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं से संगठन के इतिहास और विचारधारा को समझकर जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं के योगदान से संगठन का विस्तार हुआ।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा और बूथ से लेकर विधानसभा व लोकसभा स्तर तक आयोजित कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।नवनियुक्त जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण तथा विकास के लिए कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को संगठन के कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा। जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने संगठन की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 1,612 बूथ और 257 शक्ति केंद्र गठित किए गए हैं। सभी बूथों एवं शक्ति केंद्रों के सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि युवा, महिला, अनुसूचित, अल्पसंख्यक, किसान और पिछड़ा मोर्चा का गठन प्रदेश नेतृत्व की स्वीकृति के बाद शीघ्र पूरा किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने प्रमोद अग्रहरि को अमृतपुर एवं कायमगंज विधानसभा तथा प्रशांत राय चौबे को सदर एवं भोजपुर विधानसभा का प्रवासी बनाया है। बैठक का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय मंत्री धीरेंद्र वर्मा, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशू गुप्ता, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य कुलदीप दुबे, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मयंक सिंह बुंदेला, पूर्व विधायक अमर सिंह खटिक, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]