फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बीबीगंज मेहरवान निवासी महिला ने तीन लोगों पर नशीला पदार्थ पिलाकर गलत काम करने, फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है|एफआईआर के अनुसार महिला ने बताया कि आरोपी विकास, विवेक और सरला देवी, सभी निवासी बीबीगंज मेहरवान, थाना मऊदरवाजा हैं।
महिला का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व विकास ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ गलत काम कर फोटो व वीडियो बना लिया। होश में आने के बाद फोटो-वीडियो दिखाकर उसे बदनाम करने की धमकी दी गई।महिला के मुताबिक आरोपी बाद में फोटो व वीडियो के आधार पर लगातार ब्लैकमेल करने लगा। डर और बदनामी के कारण उसने घटना की जानकारी अपने पति को नहीं दी। बाद में पति को जानकारी होने पर
आरोपी की मां से शिकायत करने का निर्णय लिया गया। आरोप है कि 25 फरवरी 2026 को शिकायत करने पहुंचे महिला के पति के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज की और मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के ससुर के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गए और उनका उपचार दिल्ली एम्स में चलने की बात एफआईआर में दर्ज है। महिला ने आगे आरोप लगाया कि 29 मई 2026 को आरोपी
विकास उसके घर के सामने आया और अश्लील हरकत करते हुए धमकी दी। इसके बाद 4 जून 2026 को भी घर में घुसकर धमकाने तथा पति को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।महिला ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का भी आरोप लगाया। न्यायालय के आदेश के बाद मऊदरवाजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव को सौंपी गई है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
ब्लैकमेलिंग और धमकी का आरोप, तीन के खिलाफ मुकदमा
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



