मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के स्थानांतरण को लेकर कर्मचारियों में रोष, सीएमओ के खिलाफ आक्रोश

0
45

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सिविल चिकित्सालय लिंजीगंज में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राणा प्रताप के कथित उत्पीड़न एवं स्थानांतरण को लेकर रविवार को अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल चिकित्सालय लिंजीगंज के अधीक्षक डॉ. राणा प्रताप ने की। कर्मचारियों ने उनके स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाने तथा निरीक्षण के दौरान ले जाई गई उपस्थिति पंजिकाएं वापस किए जाने की मांग की। बैठक में कर्मचारियों ने बताया कि 27 अगस्त को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सुबह करीब 9:50 बजे चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया गया। कर्मचारियों के अनुसार निरीक्षण करीब पांच से सात मिनट में पूरा कर लिया गया और इसके बाद नियमित एवं संविदा कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिकाएं साथ ले जाई गईं, जो 30 अगस्त तक वापस नहीं की गई हैं। इसको लेकर चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में रोष है। बैठक में आरोप लगाया गया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा डॉ. राणा प्रताप से कर्मचारियों से 10 प्रतिशत धनराशि वसूल कर कार्यालय में देने की बात कही गई। वहीं, 29 अगस्त को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से डॉ. राणा प्रताप को राजेपुर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर की ड्यूटी पर स्थानांतरित किए जाने की सूचना दिए जाने की बात भी कर्मचारियों ने कही। कर्मचारियों ने इसे नियमानुसार उचित नहीं बताया। कर्मचारियों ने कहा कि डॉ. राणा प्रताप लेवल-3 श्रेणी के अधिकारी हैं तथा उनका कार्य एवं व्यवहार सराहनीय रहा है। उन्होंने मांग की कि डॉ. राणा प्रताप के स्थानांतरण पर तत्काल रोक लगाई जाए और उपस्थिति पंजिकाएं भी वापस की जाएं। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सिविल अस्पताल की आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। इसके साथ ही अर्बन हेल्थ सेंटर और अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की चिकित्सा इकाइयों में भी कार्य बहिष्कार किए जाने की चेतावनी दी गई।कर्मचारियों ने बताया कि 31 अगस्त को मुख्य चिकित्सा अधिकारी से वार्ता की जाएगी। यदि वार्ता संतोषजनक नहीं रही और समस्या का सार्थक समाधान नहीं निकला तो कर्मचारी एवं अधिकारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद फर्रुखाबाद की होगी। बैठक में प्रमोद कुमार दीक्षित, जिला अध्यक्ष संयुक्त संघर्ष संचालन समिति एस-4 फर्रुखाबाद, मनोज कुमार, जिला अध्यक्ष उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ फर्रुखाबाद, संजय बाथम, जिला महामंत्री एनएचएम संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]