फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के साथ ही मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र नामांकन,
विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शिक्षण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखा जाए।उन्होंने शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग सहित निर्धारित सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा। कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।विद्यालयों के निरीक्षण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नियमित एवं प्रभावी निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता का परीक्षण करने को कहा। पीएम श्री विद्यालयों में रंगाई-पुताई समेत अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधनों को जल्द पूरा कराने के
निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का तत्काल निराकरण कराने तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों के जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कायाकल्प योजना के तहत निर्धारित 19 मानक बिंदुओं को पूरा कराने में खंड शिक्षा अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।सभी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के पीने के पानी की टंकियों की सफाई तीन दिन के भीतर पूर्ण कर इसकी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का नियमित आकलन करने, विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने तथा बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बेसिक शिक्षा की योजनाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाही
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



